वाराणसी (हि.स.)। माहे रमजान का बुधवार को 25वां दिन हैं । ईद में कुछ दिन शेष देख बाजारों में खरीदारों की भीड़ जुटने लगी है। रमजान महीने के आखिरी अशरे में रोजा इफ्तार के बाद लोग नई सड़क,दालमंडी,बड़ीबाजार में खरीदारी के लिए दुकानों में पहुंच रहे है। बाजारों में नये रेडिमेड कपड़ों के साथ लुंगी,जालीदार टोपी,जूते-चप्पल, कुर्ता और पायजामा के साथ सेवइयों की खरीददारी हो रही है। नगर के बड़े शोरूमों के साथ मॉल में भी रौनक बढ़ने लगी है। पापड़, मसाले, मेवा के सामानों पर खासी भीड़ देखी जा रही है। नई सड़क और दालमंडी में दुकानों पर तमाम वैरायटी की सेवईं उपलब्ध हैं। ड्राई फ्रूट्स,तिरंगा फेनी, डबल फेनी एवं लाल फेनी की मांग अधिक है। दुकानों में 70-80 से लेकर 300 रुपये प्रति किलो की दर से सेवई की बिक्री हो रही है।
तल्ख धूप ,गर्मी और उमस के बावजूद ईद को लेकर बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं के साथ ही बच्चों में भी उत्साह नजर आ रहा है। रमजान के अन्तिम अशरे में लोग इबादत पर खासा जोर दे रहे है। मस्जिदों में भी शाम को नमाजियों की भीड़ देखने को मिल रही है । पत्रकार शमशाद अहमद बताते हैं कि आखिरी अशरा 21वें रोजे से शुरू होकर चांद के हिसाब से 29वें या 30 वें रोजे तक चलता है। ये अशरा सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। आखिरी अशरे में ‘ऐतकाफ’ करने या घर बार छोड़कर पूरी रात लोग अल्लाह की इबादत में जुटे हुए हैं।
श्रीधर
