Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबागेश्वरी देवी मंदिर के पास राज्यमंत्री नीलकंठ ने रखी नये प्राथमिक स्वास्थ्य...

बागेश्वरी देवी मंदिर के पास राज्यमंत्री नीलकंठ ने रखी नये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला

वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ नीलकंठ तिवारी ने शुक्रवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के जैतपुरा स्थित मां बागेश्वरी देवी मंदिर के निकट नगर निगम की खाली पड़ी जमीन पर एक नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आधारशिला रखी। लगभग 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह अस्पताल अगले तीन माह में बनकर तैयार हो जाएगा। अस्पताल के बनते ही इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। अस्पताल में आधुनिक चिकित्सकीय उपकरण उपलब्ध होंगे।

बताते चलें कि, जैतपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इस समय एक किराए के भवन में चल रहा है। जिसमें क्षेत्र की जनता को वह सुविधाएं नहीं प्राप्त हो पा रही थी जो सुविधाएं अपेक्षित हैं। इसीलिए सुविधा संपन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। इस स्वास्थ्य केन्द्र में ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण की व्यवस्था के लिए दवा वितरण केंद्र, ड्रेसिंग एवं ऑपरेशन थिएटर की व्यवस्था होगी। इसके साथ-साथ और भी जो आवश्यक चीजें होंगी सभी के लिए भवन निर्माण के साथ ही व्यवस्था करने के बारे में निर्देश दिए गए।

शिलान्यास कार्यक्रम में ही राज्यमंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने निर्माण कार्य करने वाले सम्बंधित विभाग के इंजीनियरों को एक बड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने का निर्देश दिया। उंन्होंने क्षेत्रीय जनता व पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में अधिकारियों को इस बात के लिए आश्वस्त किया कि हमारी ओर से धन की कोई कमी आड़े नही आएगी, बशर्ते इस स्थान पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की एक भव्य व मजबूत इमारत बननी चाहिए। ताकि भविष्य में इसे बहुमंजिले अस्पताल में तब्दील किया जा सके। मौके पर ही मंत्री ने बनने वाले इस नए भवन के नक्शे का भी अवलोकन किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular