बागपत (हि.स.)। बागपत विधानसभा सीट पर गठबंधन को झटका लग सकता है। सपा के पूर्व लोकसभा प्रभारी अभयवीर यादव ने प्रेस वार्ता कर गठबंधन से टिकट की मांग उठायी है। कहा कि अभी तक सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रत्याशी की कोई घोषणा नहीं की है। यह प्रेस वार्ता उस समय की जा रही है जब गठबंधन से रालोद अपने प्रत्याशी का चेहरा सामने ला चुका है । केवल घोषणा होनी बाकी है। नौ जनवरी को यादव नेता सम्मान रैली कर यादव अपनी ताकत दिखाएंगे।
बागपत जिले की जाट लैंड में यादव समाज अपनी ताकत दिखाने जा रहा है। जिसके बल पर यादव समाज बागपत विधानसभा से टिकट की मांग करेगा। सपा नेता पूर्व लोकसभा प्रभारीअभयवीर यादव ने बागपत विधानसभा सीट से अपने टिकट की मांग पार्टी के समक्ष रखी है। जिसे लेकर शुक्रवार को उन्होंने प्रेस वार्ता की है। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने अभी गठबंधन से प्रत्याशी की कोई जानकारी नहीं दी है। हमने पार्टी शीर्ष से गठबंधन के हर जिले में एक सीट पर सपा प्रत्याशी की मांग की है।
बागपत विधानसभा सीट पर भी यादव समाज अपना हक रखता है। भले ही पार्टी ने रालोद से गठबंधन किया है,लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष का फैसला आना बाकी है। सपा नेता अभयवीर यादव के तेवर देखकर लगता है कि गठबंधन से यादव समाज सहमत नहीं है और चाहते हैं कि पार्टी सपा के सिंबल पर अपना प्रत्याशी उतारे। यूपी में रालोद व सपा गठबंधन हो चुका है। ऐसे में बागपत जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर रालोद अपना चेहरा साफ करने वाली है। बागपत विधानसभा सीट पर दो बार हार का सामना कर चुके अहमद हमीद को रालोद एक बार फिर उम्मीदवार बनाने जा रहा है जिसकी घोषणा बाकी है।
यादव, जाट, मुस्लिम गठजोड़ में रार के आसार
रालोद पार्टी जिस यादव, जाट, मुस्लिम गठजोड़ का हिसाब लगाकर जीत का सपना देख रही है। यह रैली और टिकट की मांग उनकी उम्मीदों पर पानी फेर सकती है। यादव समाज को अगर टिकट नहीं मिला तो वोट बैंक खिसकना लाजमी है। हालाकि अभयवीर यादव ने अपनी प्रेस वार्ता में पार्टी हाईकमान के फैसले पर चलने को कहा है।
सचिन त्यागी
