Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबाइक सवारों को रौंदने के बाद बस में लगी आग, दो युवकों...

बाइक सवारों को रौंदने के बाद बस में लगी आग, दो युवकों की मौत, छह झुलसे

आजमगढ़ (हि.स.)। अतरौलिया थाना क्षेत्र के एनएच-233 पर लोहरा के पास मऊ जनपद से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट एसी बस बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। बाइक व दोनों युवक भी बस में फंसकर लगभग सौ मीटर दूर तक घसीटते रहे, इस दौरान बाइक से निकली चिंगारी से बस में आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बस भी धू-धू कर जलने लगी। वहीं, आधा दर्जन यात्री झुलस गए है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कृष्णा ट्रेवेल्स की एसी बस मऊ से यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी।बस एनएच 233 पर अतरौलिया थाना अंतर्गत लोहरा गांव के पास पहुंची थी कि गलत दिशा से सामने से आ रहे बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे बाइक पर सवार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बड़सरा आइमा निवासी रविन्द्र और पिंटू की मौत हो गई। यही नहीं मृतक व बाइक बस में फंसकर सौ मीटर दूर तक घसीटते चले गए। इस दौरान बस में आग लग गई। जब तक बस चालक बस रोकता तब तक बस आग का गोला बन गई। परिचालक व स्थानीयों की मदद से आनन-फानन में बस में सवार यात्रियों को निकाला गया। इस दौरान छह यात्री झुलस गए, जिन्हें अतरौलिया के सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, सभी यात्रियों का सामान व बस जलकर राख हो गई।

एसपी ग्रामीण राहुल रूसिया ने बताया कि एनएच-233 पर दिल्ली जा रही प्राइवेट बस ने गलत दिशा से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में लिया, जिससे दोनों युवकों की मौत हो गयी। वहीं, बस में आग लग गई। बस पूरी तरह से जल गई है। बस के सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए हैं। आधा दर्जन लोग मामूली रूप से झुलसे हैं, जिनका उपचार चल रहा है।

राजीव

RELATED ARTICLES

Most Popular