रोहित कुमार गुप्ता
उतरौला बलरामपुर। सोमवार दोपहर बाद लगभग तीन बजे डुमरियागंज मार्ग पर बाइक व मारुति कार के बीच आमने सामने हुई भिड़ंत में पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सभी घायलों को ग्रामीणों ने अलग-अलग निजी अस्पतालों में पहुंचाया। कार सवार तीन लोगों की हालत खतरे से बाहर है, जबकि दोनों बाइक सवारों की नाजुक हालत को देखते हुए गोंडा रेफर किया गया है।
सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा बाजार निवासी रंजीत सोनी (25) अपनी बुआ सुभावती (35) को उतरौला कोतवाली क्षेत्र के जोगिया करहिया गांव छोड़ने जा रहा था। कार में उनके साथ एक अन्य युवक विष्णु (18) भी था। पिपरा राम गांव के पास सामने से बाइक पर आ रहे खम्हरिया निवासी महताब हुसैन (27) की बाइक अचानक असंतुलित हो गई। बाइक सवारों को बचाने के चक्कर में कारण सड़क के किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई।टक्कर इतनी तेज थी कि पोल टूटकर तीन खंडों में बंट गया। बाइक पर पीछे बैठे मुहम्मद जैद (14) को भी सिर पर गंभीर चोटें आईं। इन दोनों को गोंडा रेफर कर दिया गया है, जबकि कार पर सवार लोगों का इलाज चल रहा है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामनारायण ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। घायलों का इलाज चल रहा है किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
मौके पर पहुंची दो एंबुलेंस, दोनों के टायरों में हवा नहीं
एक्सीडेंट के बाद ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को काल की। मौके पर पहुंची दो एंबुलेंस टायरों में कम हवा होने के कारण खड़ी हो गई। ग्रामीणों ने बाइक सवारों को पिकअप से अस्पताल पहुंचाया जबकि कार पर सवार लोग निजी साधन से अस्पताल पहुंचे।
