मेरठ (हि.स.)। चर्चित बाइक बोट घोटाले की जांच कर रही ईओडब्ल्यू ने फरार चल रहे माॅल मालिक को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। माॅल मालिक पर निवेशकों का पैसा अपने बैंक खातों में जमा कराने का आरोप है।
ईओडब्ल्यू के अपर पुलिस अधीक्षक डाॅ. रामसुरेश यादव ने बताया कि ईओडब्ल्यू इंस्पेक्टर केपी शर्मा, बिजेंद्र सिंह भड़ाना, अवधेश माहौर, सब इंस्पेक्टर विजय पाल सिंह, पुलिसकर्मी अरुण कुमार, मनोज कुमार व अनिल चंदेल की टीम ने बाइक बोट घोटाले के आरोपित सतेंद्र भसीन उर्फ मोंटी को ग्रेटर नोएडा कलक्ट्रेट के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। आरोपित सतेंद्र भसीन पर बाइक बोट के एमडी संजय भाटी और बिजेंद्र सिंह के साथ मिलकर निवेशकों का पैसा जमा कराने का आरोप है। इसमें 98 करोड़ रुपए सतेंद्र भसीन की भसीन इन्फ्रास्ट्रक्चर और विनम्र इन्फ्रास्ट्रक्चर के खातों में जमा कराया गया। इस पैसे को वैध रूप देने के लिए सतेंद्र भसीन ने अपने ग्रांड वेनिस माॅल की व्यावसायिक संपत्तियों को संजय भाटी की जीआईपीएल को बेचने के लिए फर्जी एलाटमेंट लेटर जारी कराया। इन संपत्तियों की कोई वैध डीड नहीं पाई गई। निवेशकों के आक्रामक रूख को शांत करने के लिए इन सभी ने मिलकर उन्हें नोबल बैंक के चेक फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए जारी किए। आरोपित को जेल भेजा जा रहा है।
गौरतलब है कि ईओडब्ल्यू की जांच में हर रोज नए खुलासे हो रहे हैं और आरोपितों को गिरफ्तार किया जा रहा है।
