Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबांदा : थाने में सुनवाई नहीं होने पर मॉडल की मां ने...

बांदा : थाने में सुनवाई नहीं होने पर मॉडल की मां ने फेसबुक लाइव पर किया सुसाइड

बांदा । मॉडल और मिस इंडिया ताज प्रिंसेस का खिताब जीतने वाली रिया की मां ने फेसबुक लाइव पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवती ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए है। दरअसल, रिया रैकवार की मां अपने बेटे के अपहरण की रिपोर्ट लिखाने थाने गयी थी। लेकिन, पुलिस ने उसे थाने में बिठाकर मानसिक दबाव बनाया और बाद में एफआईआर लिखने की बजाय उल्टा महिला के ही भाई को लॉकअप के अंदर डाल दिया। थाने में हुई बेइज्जती से शर्मिंदा महिला ने घर लौटकर रेलिंग में लटककर सुसाइड कर लिया, जिसे उसने फेसबुक पर लाइव भी किया। जानकारी के अनुसार, शहर के चिल्ला रोड बाईपास निवासी सुधा चंद्रवंशी रैकवार नाम की महिला के बेटे दीपक का बीते शुक्रवार कुछ लोग अपहरण कर ले गए थे। अपहरण करने का जिन लोगों पर आरोप था उनके खिलाफ रिपोर्ट लिखवाने महिला अपने भाई के साथ बांदा शहर कोतवाली गयी थी। एक बार शुक्रवार को जाने के बाद वह शनिवार सुबह से लेकर शाम तक कोतवाली में ही बैठी रही, लेकिन रिपोर्ट लिखने या बेटे को खोजने की बजाय पुलिस ने उल्टा पीड़िता पर ही मानसिक दबाव बनाया।  इतना ही नहीं महिला के भाई को भी पुलिस ने लॉकअप में बंद कर दिया।
आरोप है कि कोतवाली पुलिस ने ऐसा आरोपी पक्ष के कहने पर किया।  थाने में आरोपियों के कहने पर पुलिस द्वारा हुए अपमान से आहत महिला ने घर लौटकर शाम करीब 5 बजे फेसबुक लाइव में सुसाइड कर लिया। उधर महिला की दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने पुलिस पर अपराधियों के साथ मिलकर काम करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। अस्पताल में परिजनों और पुलिस के बीच कई बार तीखी नोंकझोंक भी हुई। हालांकि महिला की बांदा शहर कोतवाली में हुई पुलिसिया बेइज्जती के सवाल पर सीओ सिटी ने दोषियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है, लेकिन जिस तरह से पुलिस ने इस पूरे मामले को डील किया, वह उसकी कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular