Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबांदा जेल की बगिया में छिपा मिला भागा हुआ कैदी

बांदा जेल की बगिया में छिपा मिला भागा हुआ कैदी

बांदा (हि.स.)। मंडल कारागार से रविवार की शाम गायब हुआ चोरी के मामले में बंद एक बंदी अंततः जेल में ही बगिया की बड़ी-बड़ी घास के नीचे छिपा पाया गया। बंदी के मिलने पर जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

रविवार की शाम को बांदा जेल में उस समय हड़कंप मच गया था, जब चोरी के मामले में बंद विजय आरख नामक बंदी गायब मिला था। पहले तो जेल प्रशासन उसे जेल में ही खोजता रहा, जब वह कही नहीं मिला तो अलार्म बजवाया गया। जिला प्रशासन तक बंदी की भागने की सूचना पहुंच गई। इतना ही नहीं जेल अधीक्षक ने इस बंदी के भागने के मामले में शहर कोतवाली में मुकदमा भी पंजीकृत करा​ दिया। 
इस बीच जानकारी मिलने पर प्रयागराज मंडल के एडीजी जेल संजीव त्रिपाठी भी जेल पहुंच गए और उन्होंने बंदी को ढूंढने के निर्देश दिए हालांकि जेल प्रशासन द्वारा उसे फरार होना ही मान लिया था। इस बारे में एडीजी जेल ने बताया कि उनके निर्देश पर दोबारा जेल में ही भागे हुए बंदी की खोजबीन शुरू की गई। इसी बीच डिप्टी जेलर वीरेश्वर प्रताप सिंह ने अवगत कराया कि बंदी​ विजय बगिया में बड़ी-बड़ी घास के नीचे सांस रोककर छिपा हुआ था।
उन्होंने बताया कि यह बंदी कारागार के कृषि फार्म में कार्य करता था और वहां उसने एक बड़े बांस को पड़े हुए देखा था। जिसकी सहायता से कल उसने भागने का प्लान बनाया था और बैरक की छत पर चढ़कर बांस की सहायता से सर्किल वाल से कूद भी गया किंतु कूदने से उसे कमर में काफी चोट लग गई और वह कारागार की ऊंची मेनवाल फांदने में सफल नहीं हो पाया। ऐसे में पकड़े जाने के भय से वह ऊंची-ऊंची घास में कल से ही भूखा प्यासा छुपा बैठा रहा। कैदी के मिल जाने से जेल प्रशासन व जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है। उधर डीजी जेल आनंद कुमार ने भी बंदी को कारागार के अंदर ही पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular