कोलकाता(हि.स.)। बांग्ला फिल्म जगत के मशहूर अभिनेता अभिषेक चटर्जी का निधन हो गया। वह 58 साल के थे। गुरुवार तड़के कोलकाता में उनका निधन हुआ है। वर्षों तक रुपहले पर्दे पर उत्कृष्ट अभिनय का प्रदर्शन कर लोकप्रिय बने रहे अभिषेक चटर्जी शूटिंग करते-करते ही दुनिया को अलविदा कह गए।
जानकारी क अनुसार दो-तीन दिनों से उनके पेट में समस्या चल रही थी। बुधवार को एक शो की शूटिंग के दौरान वहीं उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें वापस घर लाया गया लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई थी और गुरुवार तड़के उनका निधन हो गया। उनके निधन से बांग्ला फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर पसरी हुई है। कई बड़े अभिनेताओं ने अभिषेक के निधन को लेकर दुख व्यक्त किया है। आज शाम उनका अंतिम संस्कार किया जा सकता है। हालांकि इस बारे में परिवार की ओर से अभी कुछ नहीं बताया गया है।
30 अप्रैल 1964 को उत्तर कोलकाता में जन्में अभिषेक चटर्जी की ने बड़ानगर रामकृष्ण मिशन से शिक्षा अर्जित की थी। नंदन दासगुप्त की ‘अपराधी’ उनकी पहली फिल्म मानी जाती है। हालांकि उनकी पहली रिलीज फिल्म ‘पथभोला’ (1986) थी । दर्जनों सफल फिल्मों में अभिनय कर उल्लेखनीय कामयाबी हासिल करने वाले अभिषेक चटर्जी की आखिरी फिल्म ‘लवर’ थी जो 2021 में रिलीज हुई थी।
ओम प्रकाश/सुगंधी
