मथुरा (हि.स.)। बांकेबिहारी के दर्शन को वृंदावन में सैलाब उमड़ हुआ है। भीड़ का यह आलम है कि अब शहर वासियों का अपने घरों से निकलना दुश्वार हो रहा है। पूरा बाजार श्रद्धालुओं की भीड़ से ऐसा खचाखच हुआ कि पैर रखने की भी जगह दिखाई नहीं दे रही है।
मथुरा के वृंदावन में बांके बिहारी जी के दर्शनों के लिए शनिवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर की तरफ जाने वाले रास्ते श्रद्धालुओं से भर गए। बड़े, बुजुर्ग, बच्चे, महिलाएं सभी बांके बिहारी जी की एक झलक पाने को आतुर नजर आए। फूल बंगलों में विराजमान भगवान बांके बिहारी के दर्शनों के लिए पहुंची भीड़ के सभी व्यवस्था नाकाफी नजर आई।
मंदिर में प्रवेश के लिए बनाए गए गेट संख्या दो और तीन से प्रवेश के लिए श्रद्धालु जूझते नजर आए। पुलिस कर्मी भीड़ को नियंत्रित करने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। लेकिन भीड़ है कि कम होने का नाम नहीं ले रही थी। भीड़ का आलम यह है कि मंदिर की तरफ जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालु ही श्रद्धालु नजर आ रहे हैं।
विद्यापीठ चौराहा से मंदिर की तरफ जाने वाला रास्ता हो या फिर यमुना की तरफ से दाऊजी तिराहा होकर मंदिर जाने वाला रास्ता, सभी पर केवल श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आ रही है।
शहर के बाहर वाहनों को रोकने और यातायात व्यवस्था बनाने में यातायात पुलिस कर्मी भी फेल साबित हुए हैं। व्यवस्थित तैयारी न होने के कारण शहर के एंट्री प्वाइंट पर जाम के हालात हैं। ई-रिक्शा और ई-बसों पर यातायात पुलिस का नियंत्रण न होने के कारण जाम लगा नजर आ रहा है।
महेश
