Tuesday, February 10, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलबहराइचबहराइच : स्टील प्लांट में टूटा क्रेन, पांच मजदूर दबे, एक की...

बहराइच : स्टील प्लांट में टूटा क्रेन, पांच मजदूर दबे, एक की मौत

– चार घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए मामले की जांच में जुटा पुलिस प्रशासन

बहराइच (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बनी स्टील फैक्ट्री में बड़ा हादसा सामने आया है। स्टील फैक्ट्री में क्रेन टूटने से चपेट में आए पांच मजदूर आ गए और एक मजदूर की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि चार मजदूरों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से तीन को इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मिल प्रबंधक मामले को तीन घंटे तक छुपाती रही। काफी जद्दोजहद के बाद मामला खुला तो पुलिस अंदर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

रिसिया थाना क्षेत्र के आसाम रोड पर सुदेश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड नाम से स्टील प्लांट है। इसमें पारस ब्रांड की टीएमटी सरिया बनाने का काम होता है। जिसमें सैकड़ों मजदूर काम करते हैं। सरिया मिल में काम करने के दौरान मंगलवार की भोर लगभग चार बजे अचानक सरिया मिल की क्रेन टूट गई। जिससे काम कर रहे कई मजदूर दब गए। हादसे में आसपास मौजूद अन्य मजदूर बाहर निकल गए, लेकिन पांच मजदूर उसी में दबे गए। जिन्हें काफी मशक्कत कर क्रेन को हटने के बाद उसके नीचे से निकला जा सका। इस हादसे में क्रेन के नीचे दबे बिहार राज्य के निवासी संजय पुत्र केशावर ढोल बजवा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिल कुमार पुत्र राजेन्द्र, राहुल कुमार पुत्र श्याम सुंदर, दुर्गेश पुत्र राजेन्द्र व मोहम्मद हसनैन पुत्र जमी (सभी बिहार राज्य के ही हैं) गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

रिसिया थानाध्यक्ष हेमंत गौड़ ने बताया कि स्टील फैक्ट्री में हादसे में एक मजदूर की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजा गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular