Tuesday, February 10, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलबहराइचबहराइच : लखनऊ जा रही अनियंत्रित बस पलटी, आठ यात्री घायल

बहराइच : लखनऊ जा रही अनियंत्रित बस पलटी, आठ यात्री घायल

सभी घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

बोलेरो को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा, बस में सवार थे 25 यात्री

बहराइच (हि.स.)। भिन्गा से यात्रियों को ले जा रही टूरिस्ट बस लखनऊ-बहराइच मार्ग पर हरचन्दा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे बस में सवार आठ यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया है। इनमें दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक बस में 25 यात्री सवार थे। सामने से आ रहे बोलेरो को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होने पर हादसा हुआ है।

श्रावस्ती जिला के भिनगा से प्राइवेट और सरकारी बसों का संचालन होता है। यहां पर विभिन्न प्रदेश और देश के लोग बौद्ध स्थली का भ्रमण करने आते हैं। सोमवार को टूरिस्ट बस यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही थी। बस में 25 यात्री सवार थे। जरवल रोड थाना अंतर्गत बहराइच लखनऊ मार्ग हरचन्दा मोड़ के पास बस पहुंची। तभी लखनऊ की ओर से बोलेरो आती दिखी। बस चालक ने बोलेरो को बचाने का प्रयास किया। तभी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे बस में सवार आठ यात्री घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद पहुंचाकर भर्ती कराया।

सीओ कमलेश सिंह ने बताया कि बस हादसे में कैसरगंज थाना क्षेत्र के बढ़ौली गांव निवासी अल्हाज अहमद (35) पुत्र अलमुद्दीन, श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली अंतर्गत बनकटवा गांव निवासी कमरुद्दीन (40) पुत्र अल्लामा हुसैन, लौकीपुरवा गांव निवासी वसीम (25) अख्तर हुसैन और फखरुद्दीन (37) अल्लामा, लखनऊ के गोमती नगर थाना क्षेत्र के खरगापुर गांव निवासी गुलाब (45) पत्नी श्री राम, लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र के अफजल (57) पुत्र मोहम्मद शरीफ समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती गया है। सीओ के मुताबिक वसीम और अफजल की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।

आए दिन हादसे को दावत दे रहे डग्गामार वाहन

लखनऊ, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर और बलरामपुर मार्ग पर रोडवेज वाहन का संचालन होता है। लेकिन पुलिस की मिलीभगत से इन मार्गों पर डग्गामार वाहनों का संचालन होता है। डग्गामार वाहनों से जल्दी जाने के चक्कर में सभी यात्रा करते हैं। डग्गामार वाहनों के चलते आए दिन हादसे होते हैं। जिसका शिकार यात्री होते हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन इन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।

राहुल

RELATED ARTICLES

Most Popular