मटर तोड़ने गए खेत में गए थे भाई-बहन, मचा कोहराम
बहराइच (हि.स.)। खेत में मटर तोड़ने गए भाई-बहन की बाड़ा में दौड़े करंट की चपेट में आने से मासूम की मौत हो गई, जबकि बहन गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झुलसी बालिका को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया और मासूूूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रामगांव थाना क्षेत्र के मेटकुहा गांव निवासी आठ वर्षीय मुन्नी देवी पुत्री रामसमुझ अपने छोटे भाई सात वर्षीय आकाश के साथ बुधवार सुबह घर से खेत में लगे मटर तोड़ने के लिए निकली हुई थी। जानवरों से फसल को बचाने के लिए पड़ोसी ने अपने खेत में कटीले तार बिछाए हुए थे और उसमें करंट दौड़ा दिया था। करंट की चपेट में भाई-बहन आ गए। भाई की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बहन गंभीर रूप से झुलस गई।
सूचना पर पहुंचे रामगांव थानाध्यक्ष अभय सिंह अपने दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और घायल बालिका को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज के लिए भेजवाया और मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
