बहराइच(हि.स.)। कोतवाली देहात पुलिस ने सोमवार को चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को चोरी के समान के साथ दबोचा है। आरोपितों के कब्जे से जेवरात आदि बरामद हुए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कोतवाली देहात में सोमवार को घरों में होने वाली चोरियों का खुलासा किया। एएसपी ने बताया कि कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह, चौकी इंचार्ज महेंद्र कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज रायपुर राजा सूरज कुमार, एसआई अनिल यादव की टीम ने रंजीतपुर गांव के निकट से दो चोरों को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, कई चांदी के सिक्के, एक मोबाइल, 1590 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। एएसपी ने बताया कि आरोपितों के पास से एक तमंचा और एक कारतूस भी बरामद हुआ है। दोनों की पहचान रवि कश्यप उर्फ नौरंगी निवासी ताजपुर गोबरहा रानीपुर और गौतम मिश्रा निवासी नलकूप कालोनी कोतवाली देहात के रूप में हुई हैं। दोनों पर कई थानों में चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि रवि कश्यप के विरुद्ध पहले से विभिन्न थानों में 22 मुकदमा दर्ज है। वह गैंगस्टर का अपराधी है, जबकि दूसरे आरोपी के विरुद्ध चार मुकदमा दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
राहुल/मोहित
