बस्ती (हि.स.)। बहुचर्चित पोखनी कांड को लेकर महिला आयोग के कड़े रुख के चलते शनिवार को गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक अखिल कुमार ने कहा कि बस्ती जनपद के पुलिस अधिकारियों पर जो आरोप लगाए गए हैं, उसकी निष्पक्षता से जांच करवाई जा रही है।
अपर पुलिस महानिदेशक अखिल कुमार शनिवार को बस्ती जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र में पीड़ित महिला के घर पहुंचकर उनका हालचाल लिया। उन्होंने परिवार को पूरा भरोसा दिलाया है कि उनके साथ न्याय किया जायेगा।
एडीजी ने बताया कि पीड़ित महिला ने सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार के विरूद्ध अश्लील मैसेज तथा उसके परिवारवालों के विरूद्ध फर्जी मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया था। मामले को संज्ञान में लेने के बाद शासन की ओर से इस प्रकरण की जांच के लिए मण्डलायुक्त अनिल कुमार सागर, पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार राय तथा जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल की तीन सदस्यीय टीम गठित की गयी है। जांच में जो भी दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।
वहीं, दूसरा मामला कलवारी थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर दुर्गविजय सिंह के ऊपर मारपीट के मामले का आरोप था, उसकी भी निष्पक्षता से जांच करायी जा रही है।
गौरतलब है कि एडीजी के आदेश पर एसपी हेमराज मीणा ने लापरवाही के मामले में बस्ती कोतवाल रामपाल यादव, सब इंस्पेक्टर दीपक सिंह, तथा एक अन्य मामले में कलवारी थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर दुर्गविजय सिंह को तत्काल निलंबित कर दिया गया है।
