लखनऊ (हि. स.)। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि बसपा सरकार गौतमबुद्धनगर के जेवर क्षेत्र में ताज इंटरनेशनल एयरपोर्ट और एविएशन हब एवं नोएडा से बलिया तक आठ लेन की गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की मार्फत उत्तर प्रदेश में रोजगार एवं विकास को नया आयाम दे रही थी, लेकिन पूरी तैयारी के बावजूद कांग्रेस सरकार ने अड़ंगा लगाकर असहयोग किया।
बसपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले सपा और अब भाजपा सरकार का कार्यकाल को जोड़ने के लगभग एक दशक बाद इन महत्वाकांक्षी योजनाओं का शिलान्यास हुआ है, जबकि विकास के ऐसे कामों को समय से शुरू होकर पूरा भी हो जाना चाहिए था किंतु अब चुनाव के समय इसकी न्यू रखे जाने पर सरकार की नियत और नियति पर शक उठना स्वभाविक है।
कहा कि बिना उचित मुआवजा एवं पुनर्वासन के भूमि अधिग्रहण के प्रति माननीय कोर्ट ने भी नाराजगी जाहिर कर इस संबंध में कड़े निर्देश दिए हैं। सरकार चाहे किसी की हो, बसपा यूपी की गरीबी, बेरोजगारी पिछड़ेपन से मुक्ति की सदैव पक्षधर रही है और प्रदेश के विकास की समर्थक रही है।
