हमीरपुर (हि.स.)। मौदहा विधानसभा से लगातार तीन बार विधायक रहते हुए बसपा सरकार के कबीना मंत्री रहे कुंवर बादशाह सिंह ने आज मौदहा क्षेत्र के गांव करहिया में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी एवं बुंदेलखंड पृथक राज्य पर चर्चा की है।
दो दशक पूर्व बुंदेलखंड की राजनीति में जबरदस्त प्रभाव रखने वाले पूर्व मंत्री बादशाह सिंह ने तत्कालीन मौदहा विधानसभा सीट में अपनी भाजपा से विधायक का चुनाव लड़कर अपनी राजनीति शुरु की थी। इसी विधानसभा सीट से वह लगातार तीन बार विधायक रहे और बसपा सरकार में श्रम मंत्री बने।
उन्होंने अपनी राजनैतिक महत्वाकांक्षा एवं क्षेत्रीय समस्याओं को देखते हुए इंसाफ सेना नामक संगठन बनाया था और बुण्देलखण्ड राज की मांग को जोर शोर से उठाया था। इसी के चलते वह बुंदेलखंड की राजनीति में कद्दावर नेता बन गए थे। लेकिन नये परिसीमन में मौदहा विधानसभा को दो भागों में बांटते हुए इसका बड़ा क्षेत्र हमीरपुर सदर.विधानसभा सीट में सम्मिलित कर दिया गया था। और बादशाह सिंह अपनी नई जमीन तलाशने के लिए महोबा की राजनीति में सक्रिय हो गए थे।
इधर कई महीनों से मौदहा क्षेत्र के गांवों में बैठकों का आयोजन तथा लगातार भ्रमण एवं जनसंपर्क शुरू करने से तमाम तरह के कयास लगाये जाने लगे हैं। आज उन्होंने गांव करहिया में चौपाल लगाकर युवा वर्ग से सम्बाद स्थापित कर बुंदेलखंड राज्य के गठन पर चर्चा की है। इस मौके पर उनके साथ वरिष्ठ नेता घनश्याम साहू, पूर्व ग्राम प्रधान शिवशरण यादव, लतीफ बच्चा, सहित अन्य लोग मौजूद रहे हैं।
