Wednesday, March 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबसपा, अपना दल एस सहित कई दलों के नेता आए सपा में

बसपा, अपना दल एस सहित कई दलों के नेता आए सपा में

लखनऊ (हि. स.)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्व मंत्री मानपाल सिंह, भाजपा सांसद जयप्रकाश के भतीजे जितेंद्र निषाद, बसपा के जयचन्द्र निषाद, अपना दल (एस) के जितेंद्र सिंह कटियार, यशवीर सिंह, केशरिया हिन्दू पार्टी के रजत और गोंडा के बड़े नेता कलाम मलिक सहित तमाम नेताओं को सपा की सदस्यता ग्रहण करायी।

इसके पहले अखिलेश यादव ने राजेश यादव,हफीज किदवई एवं डॉ. नरेंद्र संगम शाक्य की पुस्तकों और गजेन्द्र मिश्रा की मासिक पत्रिका का विमोचन किया। राधेश्याम पाल और सिद्धान्त यादव के गीतों का विमोचन भी हुआ। इसी क्रम में अखिलेश आइये टाइटल का गाना लांच हुआ। सपा अध्यक्ष ने गीतकार, गायक को बधाई दी।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि उन सभी साथियों का स्वागत है, जो समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया होने जा रहा है। उन्होंने जोड़ा कि भाजपा की सरकार का जाना तय है और इसी लिए इनके मुखिया की भाषा बदल गयी है। हर वर्ग के लोग भाजपा सरकार से दुखी हैं। अभी तक सरकार नाम बदल रही थी, रंग बदल रही थी, अब तो दूसरे राज्यों के विकास कार्य भी चुरा ले रही है। अयोध्या के किसानों ने अपनी बातों को रखते हुए जिला प्रशासन अयोध्या पर आरोप लगाया और अखिलेश यादव से मदद मांगी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार में उनके लोगों को भी सम्मान नही दिया जा रहा है। सरकार आज भी पूर्व प्रधानमंत्री के नाम पर यूनिवर्सिटी नही बना पायी है। अभी तक बटेश्वर में एक भी काम नहीं हुआ है। कोई काम पूरा नही हुआ है। सपा सरकार बनेगी तो बटेश्वर में विकास होगा।

चार साल पहले योगी जी के कार्यक्रम से पहले साबुन शैम्पू बंटवाया गया था। कोविड के वक्त न दवा दिया, न ऑक्सीजन दिया। किसानों के साथ धोखा किया गया। आय बढ़ नहीं रही, महंगाई बढ़ा दी गयी है। उन्होंने इशारे में कहा कि सरकार को चुनाव चिह्न बुलडोजर रख लेना चाहिये। सरकार मनमानी कर रही है। राजनीति की मर्यादा का ध्यान नही रख रही है। समाजवादी लोग सूची बना रहे हैं और अधिकारियों की भी गलती देखी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular