– जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया
बलिया (हि.स.)। प्रचंड गर्मी में बीमार होकर जिला अस्पताल में मरीजों के पहुंचने का सिलसिला नहीं रुक रहा है। जिला प्रशासन ने भी सदर अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। मंगलवार को जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने मरीजों के लिए एसी व कूलर लगाने के निर्देश दिए।
जिले में लगातार हीट वेव के कारण हाहाकार मचा हुआ है। भीषण गर्मी में बीमार होने वालों में एकाएक इजाफा होने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर बुरा असर पड़ा है। पंद्रह जून से ही जिला अस्पताल में सांस फूलने व अन्य लक्षणों के मरीज पहुंच रहे हैं। इस बीच 18 जून तक लगभग 69 लोगों की मौत जिला अस्पताल में होने से हड़कंप मच गया। मौतों की वजहें जानने के लिए शासन ने निदेशक स्तर के दो अधिकारियों को भेजा है जो जांच के लिए सैम्पल जुटाने में लगे हैं। मरीजों से बात भी कर रहे हैं। हालांकि, जांच टीम के सदस्य सीधे कहने से बच रहे हैं। लेकिन मरीजों के तीमारदारों का कहना है कि गर्मी के कारण समस्या पैदा हुई है। जिसके कारण अस्पताल में आना पड़ रहा है।
अस्पताल में मरीजों के आने का सिलसिला नहीं रुकने को जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने भी गंभीरता से लिया है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी उन्होंने इमरजेंसी व अन्य वार्डों में जाकर व्यवस्था परखी। जिलाधिकारी ने अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डा. एसके यादव को पहले से रखे एसी को तत्काल लगाने के निर्देश दिए। साथ ही वार्डों में कूलर की भी व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होंने पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि आज और एसी बढ़ाए जा रहे हैं। डाक्टर व दवाओं के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
एन पंकज/राजेश
