बलिया (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नारद राय ने सुरहा ताल की गोद में बसे 27 गांवों के किसानों के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि इन गांवों की खेती बचाने के लिए नया रेगुलेटर बनाने, कटहल नाले को अतिक्रमणमुक्त करने व गडारी नाले की सफाई में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने समेत सभी मांगे 14 अक्टूबर तक पूरी नहीं हुई तो किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
पूर्व मंत्री ने बयान जारी कर कहा कि सुरहा ताल के पानी निकासी, कटहलनाला और गडारी नाला का सफाई करने के लिए समाजवादी पार्टी की बलिया नगर विधानसभा के तत्वाधान में पिछले 17 अगस्त को जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया था। जिसमें यह भी कहा गया था कि सात सितम्बर तक कार्य नहीं कराया गया तो पार्टी सुरहा ताल के किनारे बसे 27 गांव के किसानों के साथ मिलकर सिंचाई विभाग का घेराव करेगी। जिसके बाद इस सम्बंध में अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड प्रथम द्वारा हमारी मांग को उचित ठहराते हुए कहा गया है कि कटहल नाले पर विजयीपुर में बने रेगुलेटर को तोड़कर नया बनाना जरूरी है। जिसके लिए 8.3 करोड़ की परियोजना बनाई गई है। जैसे स्वीकृति मिलेगी नया रेगुलेटर बनाने का काम शुरू हो जाएगा। अधिशासी अभियंता द्वारा यह भी कहा गया है कि कटहल नाले के कुछ हिस्से की सफाई की गई है। शेष सफाई के लिए ठेकेदार को बार-बार कहने के बाद भी सफाई नहीं कराया जा रहा है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा प्रस्तुत 8.3 करोड़ की परियोजना को तत्काल सरकार स्वीकृत करे और समय रहते नया रेगुलेटर का निर्माण कराए। श्री राय ने सिंचाई विभाग के जवाब से असहमति जताते हुए कहा कि जब ठेकेदार ने कटहल नाले की सफाई नहीं किया तो विभाग ने ठेकेदार के खिलाफ करवाई क्यों नहीं किया ? इससे लगता है कि सिंचाई विभाग या तो ठेकेदार से मिला है या सत्ता के दबाव में करवाई करने से डर रहा है।
