Thursday, March 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबलिया में सपाइयों ने गांधी प्रतिमा के समक्ष रखा उपवास

बलिया में सपाइयों ने गांधी प्रतिमा के समक्ष रखा उपवास

बलिया (हि. स.)। गांधी जयंती पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को चौक स्थित गांधी प्रतिमा के सामने उपवास रखा। इस दौरान सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सपा नेताओं ने उपवास के माध्यम से सरकार को झूठ का पुलिंदा और अपराधियों का संरक्षक बताया। कहा कि प्रदेश में बहन-बेटियों की आबरू रोज तार-तार की जा रही है। सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। हाथरस के घटना के बाद बलरामपुर में भी हैवानियत की हदें पार हो गई। इन घटनाओं से अब बिल्कुल स्पष्ट हो रहा है कि योगी जी शासन चलाने में अयोग्य हैं।
पार्टी के जिला प्रवक्ता सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के प्रति जनता में आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। किसानों से खेत मालिक की जगह छीनकर खेत मजदूर बनाने की साजिश हो रही है। सरकार किसानों को धान, गेहूं की फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं दिलाना चाहती है। खुले बाजार के नाम पर बड़े व्यापारियों को औने-पौने दाम पर फसल खरीदने की छूट दी जा रही है। मंडी व्यवस्था समाप्त की जा रही है। लाॅकडाउन में श्रमिकों की नौकरियां छूटी हैं। प्रदेश में पूंजीनिवेश न होने और उद्योग न लगने से रोजगार का संकट है। उसमे भी बलिया जैसे पिछड़े जनपद की स्थिति और सोचनीय है। इसके बावजूद भाजपा सरकार 100 की जगह अब 300 कर्मचारियों वाली फैक्ट्रियों में मालिक की जब मर्जी हो छंटनी करने का प्राविधान ले आई है। युवाओं द्वारा अपनी मांगें रखने पर उनपर लाठियां चल रही है। इसके बाद सपाइयों ने चौक स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष रघुपति राघव राजाराम का गायन कर उपवास समाप्त किया। 
इस अवसर सनातन पाण्डेय, नारद राय, संग्राम सिंह यादव, सुभाष यादव, संजय उपाध्याय आदि थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular