बलिया (हि. स.)। रेवती थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए निकली बारह वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि रेवती थाने के एक गांव में रविवार को 12 वर्षीय बालिका के साथ एक युवक ने उस वक्त दुष्कर्म किया, जब वह शौच करने गयी थी। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। पीड़ित किशोरी ने इसकी सूचना अपने घरवालों को दी। जिसके बाद पीड़ित के पिता की तहरीर पर धारा 376 एबी व पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपित अर्पित पटेल उर्फ बड़क पुत्र गुप्तेश्वर पटेल निवासी पचरूखिया नई बस्ती थाना रेवती को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय ने सोमवार तड़के पचरूखिया ढाला के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेज दिया गया है।
