Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबलिया में प्रेमी ने प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुद को...

बलिया में प्रेमी ने प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुद को भी उड़ाया

बलिया (हि.स.)। शहर कोतवाली क्षेत्र के पिपरा ढाला में एक युवक ने रविवार दोपहर को अपनी प्रेमिका को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े गोली कांड से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी और शहर कोतवाल पहुंच गए। पुलिस जांच में जुटी है।

पिपरा माफी निवासी आजम (25) एनएच 31 पर पिपरा ढाला में इंडिया टेंट हाउस के सामने लोहे की दुकान चलाता है। पिपरा ढाला निवासी एक युवती के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। उसके घर युवक का आना जाना भी था। हालांकि, युवती के परिजन उसे कई बार मना कर चुके थे। रविवार को लगभग पौने बारह बजे उसने प्रेमिका को बुलाया और टेंट हाउस के कमरे में ले जाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर युवती की मां, उसकी बहनें और अन्य परिजन पहुंच गए और कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसी बीच एक और गोली की आवाज सुनाई दी। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, दोनों की मौत हो चुकी थी। यह देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया।

जानकारी मिलते ही शहर कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा पहुंच गए। वहीं, थोड़ी देर में ही अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार और सीओ सिटी भी पहुंच गए। पुलिस ने दोनों को मृत पाया। पुलिस अधिकारियों ने युवक और युवती के परिजनों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों को समझने का प्रयास किया।

अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि आजम युवती के घर के सामने सड़क के दूसरी तरफ लोहे की दुकान चलाता था। युवती के घर उसका आना-जाना था। दोनों के बीच काफी दिनों से परिचय था। वैसे दूसरे एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular