-जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी-पीएचसी को किया गया अलर्ट
बलिया(हि. स.)। भीषण गर्मी व लू के प्रकोप से जिले में लोग बेहाल हैं। इस बीच लोगों की मौतों का आंकड़ा बढ़कर पचास से अधिक जा पहुंचा है। जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी व पीएचसी को अलर्ट कर दिया गया है। जबकि हीट वेव से मौत होने को लेकर दिए बयान पर सीएमएस को उनके पद से हटा दिया गया है।
जिले में गर्मी का पारा सातवें आसमान पर है। गर्म हवाओं के थपेड़ों से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह ग्यारह बजे से ही सड़कों पर कर्फ्यू सा माहौल बन जा रहा है। रविवार को भी जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों में से कई लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में अधिकांश वृद्ध हैं। सांस लेने में तकलीफ के बाद लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। बीते तीन दिनों में मरने वालों की संख्या डरावनी है।
नए सीएमएस डा. एसके यादव के मुताबिक 15 जून को 154 मरीज भर्ती हुए थे। जिसमें विभिन्न कारणों से 23 की मौत हो गई थी। 16 जून को 137 मरीज भर्ती हुए थे। जिनमें से 20 की मौत हुई थी। जबकि 17 जून को 11 मौतें हुई थीं। सीएमएस के अनुसार इन मौतों की वजह अलग-अलग कारण हैं।
जिसमें ज्यातर वयोवृद्ध हैं। बुखार, डायबिटीज, ब्लड प्रेशर व सांस फूलने के भी मरीज हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी में जब तापमान 45-46 डिग्री रहता है तो लू लगने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। ताकि हर मरीज को सेवा प्राप्त हो सके।
हीट वेव के मद्देनजर जिले में 18 जून तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अचानक जिले में हो रही मौतों की वजह लू है या कुछ और, इसकी जांच के लिए शासन के निर्देश पर निदेशक स्तर के दो अधिकारी रविवार को जिले में पहुंच कर जांच शुरू कर दिए हैं।
एन पंकज/राजेश
