बलिया (हि. स.)। जिले में नए साल की शुरुआत में ही कोरोना की धमाकेदार एंट्री हुई है। यहां कोरोना संक्रमण के एक साथ तीन मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग तीनों की कांट्रेक्ट ट्रेसिंग कराने में जुट गया है। ओमिक्रान वेरिएंट की पुष्टि के लिए तीनों के सैम्पल लखनऊ भेजा गया है।
सीएमओ डा. तन्मय कक्कड़ ने बताया कि सहतवार, बेलहरी और नगरा में एक-एक कोरोना मरीज मिले हैं। इसमें बेलहरी का रहने वाला व्यक्ति किसी अन्य बीमारी के इलाज के लिए पीजीआई लखनऊ गया था। रूटीन कोरोना टेस्टिंग में उसके कोरोना पाॅजिटिव होने की पुष्टि शनिवार शाम को हुई। जबकि सहतवार और नगरा के व्यक्तियों की जिले में ही जांच के दौरान कोरोना संक्रमित होने का पता चला। इन दोनों को आइसोलेट कर दिया गया है। इसके साथ ही तीनों मरीजों की ट्रेवल हिस्ट्री और व्यापक पैमाने पर कांट्रेक्ट ट्रेसिंग की जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि सहतवार, नगरा और बेलहरी में मिले तीनों मरीजों में कोरोना का ओमिक्रान वेरिएंट है कि नहीं, इसका पता लगाने के लिए जीनोम सिक्वेंसिंग की जाएगी। इसके लिए तीनों के सैम्पल लखनऊ भेजे गए हैं। उल्लेखनीय है कि जिले में तीन अगस्त के बाद पहली बार कोरोना के पॉजिटिव केस मिले हैं। इससे हड़कंप की स्थिति है।
पंकज
