बलिया (हि. स.)। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के कैथवली गांव के पास कार सवार बदमाशों ने मंगलवार दोपहर को बुलेट सवार एक युवक को गोली मारकर फरार हो गए। गोली लगने से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया।
गड़वार थाना क्षेत्र के जगदेवपुर गांव निवासी ज्ञानेश पांडेय (42) मंगलवार को बुलेट मोटरसाइकिल से बांसडीह जा रहे थे। जैसे ही वह कैथवली गांव के पास पहुंचे कि तभी कार सवार बदमाशों ने रुकने का इशारा किया। मोटरसाइकिल रुकते ही बदमाशों ने उन पर फायर झोंक दिया। एक गोली उनके पेट में लगी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसकी सूचना सुखपुरा पुलिस को मिली तो पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। युवक का कहना है कि कार में चार लोग सवार थे। वह ट्रैक्टर की किस्त जमा करने के लिए ले जा रहा था, तभी चारों ने उन पर फायर झोंक दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं, जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवक को गोली लगी है। कोई पैसा छीना नहीं गया है। घटना के पीछे जमीनी विवाद भी हो सकता है। इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
एन पंकज/दीपक/बृजनंदन
