बलिया (हि. स.)। हत्या, लूट और डकैती के दो दर्जन से अधिक मुकदमे में वांछित एक लाख के इनामी अपराधी हरीश पासवान को एसटीएफ ने बलिया पुलिस की मदद से शुक्रवार को एक मुठभेड़ में मार गिराया है। एसटीएफ ने रसड़ा कोतवाली इलाके में हरीश की लोकेशन मिलने पर दबिश दी थी। तभी उससे पुलिस की मुठभेड़ हो गई।
बैरिया क्षेत्र के बाबूवेल निवासी हरीश पासवान चर्चित अपराधी था। हत्या, लूट, डकैती जैसे संगीन मामलों में उस पर करीब तीस मुकदमे दर्ज हैं। बैरिया में गत छह जुलाई को चर्चित जलेश्वर सिंह हत्याकांड में हरीश का नाम आया था,इसके बाद से वह फरार चल रहा था। अभी एक दिन पहले गुरुवार को ही एडीजी जोन वाराणसी ने हरीश पासवान पर एक लाख का इनाम घोषित किया था। उसके बाद से उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही थी। एसटीएफ को उसकी लोकेशन रसड़ा इलाके में मिली। जिसके बाद रसड़ा के क्षेत्राधिकारी डीके शाही के नेतृत्व में एसटीएफ ने हरीश की घेराबंदी की। नीबू कबीरपुर मार्ग पर पुलिस ने शुक्रवार दोपहर में घेर लिया।
पुलिस ने ललकारा तो मोटरसाइकिल सवार हरीश ने गोली चला दी। इस पर पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगते ही हरीश गिर पड़ा। उसे पास के रसड़ा सीएचसी ले जाया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही कुख्यात अपराधी हरीश की मौत हो गई। घटना स्थल का एसपी राजकरन नय्यर ने भी मुआयना किया।
