बलिया (हि.स.)। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए दमदार प्रत्याशी तलाश रही भाजपा में बुुधवार को युवा नेेता शिवदयाल चौधरी शामिल हो गए। शिवदयाल के भाजपा का दामन थाम लेने से कयास लगाए जा रहे हैं कि पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी के पुत्र आनंद के सामने उनकी पत्नी ताल ठोंक सकती हैं।
शिवदयाल चौधरी की पत्नी सुप्रिया चौधरी ने वार्ड 49 से सुभासपा के समर्थन से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता है। वार्ड 45 से जिला पंचायत सदस्य आनंद चौधरी जो कि पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी के पुत्र हैं, ने पिछले दिनों सपा में शामिल होकर जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए दावा ठोंका है। बुधवार को आनंद चौधरी ने जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए नाम निर्देशन पत्र भी खरीद लिया है।
उधर, आनंद चौधरी के सामने भाजपा से कौन उम्मीदवार होगा, इसको लेकर चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं। इस बीच वार्ड 49 से जिला पंचायत सदस्य सुप्रिया के प्रतिनिधि शिवदयाल चौधरी लखनऊ में स्वतंत्रदेव सिंह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। शिवदयाल जब भाजपा में शामिल हो रहे थे तब फेफना से विधायक और प्रदेश सरकार में मंत्री उपेन्द्र तिवारी, सिकंदरपुर से विधायक संजय यादव और भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू भी मौजूद थे। इसी से इन आशंकाओं को बल मिल रहा है कि जल्द ही शिवदयाल की पत्नी सुप्रिया को भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष का अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर सकती है। यदि ऐसा हुआ तो बसपा से त्यागपत्र दे चुके पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी के पुत्र आनंद चौधरी के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि शिवदयाल चौधरी और पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी के बीच रिश्तेदारी है।
बलिया : भाजपा ने शिवदयाल चौधरी को पार्टी में शामिल कर चला दांव
RELATED ARTICLES
