– अमरनाथ राय ने कहा, धरना समाप्त कर बातचीत की मेज पर आएं शिक्षक
– एडी बेसिक ने की पठन-पाठन सुचारू रूप से करने की अपील
बलिया (हि.स.)। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षकों को निलंबित किए जाने, वेतन रोकने और वेतन कटौती करने के खिलाफ उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के तीन दिनों तक चले धरने के बाद सोमवार को सभी विद्यालयों में तालाबंदी के निर्णय से अब विभाग के आलाधिकारी भी सचेत हो गए हैं। एडी बेसिक आजमगढ़ अमरनाथ राय ने कहा है कि शीघ्र ही शिक्षक प्रतिनिधियों और बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ बैठक कर मामले का हल निकाला जाएगा।
बीएसए कार्यालय पर तीन दिनों तक चले धरने के बाद शिक्षक संगठनों ने सोमवार को पूर्ण तालाबंदी का निर्णय लिया है। बीएसए कार्यालय पर शिक्षकों की भारी जुटान होने की उम्मीद जतायी जा रही है। ये बातें उच्चाधिकारियों के भी संज्ञान में हैं। यही वजह है कि बड़े अधिकारी इस आंदोलन को जल्द खत्म कराने के मूड में हैं। एडी बेसिक अमरनाथ राय ने कहा कि शासन की महत्वपूर्ण डीबीटी योजना पर काम चल रहा है। शिक्षकों को कार्य में बाधा नहीं डालनी चाहिए। शिक्षक प्रतिनिधि अपनी मांग लोकतांत्रिक तरीके से रखें।
कहा कि मैं इस प्रकरण को खुद देख रहा हूं। मंगलवार या बुधवार को मैं बलिया आ रहा हूं। बीएसए, सभी बीईओ, शिक्षकों के जिले स्तर और ब्लाक स्तर के प्रतिनिधियों के साथ बैठकर सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में वार्ता की जाएगी। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है कि पठन-पाठन सुचारू रूप से चलता रहे। किसी भी समस्या का हल वार्ता से ही निकल सकता है। एडी बेसिक श्री राय ने कहा कि शिक्षक धैर्य बरतें और समयबद्ध ढंग से कार्य करें।
