बलिया (हि. स.)। प्रधानी के चुनाव को लेकर सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा छपिया में सोमवार की शाम मतदान खत्म होने के बाद दो पक्षों में हुई मारपीट व चाकूबाजी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह थाने के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एएसपी व एसडीएम ने सड़क खाली कराया। आक्रोशित भीड़ अभी भी धरना दे रही है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्रधानी के चुनाव के लिए मतदान खत्म होते ही। प्रत्याशी विनय मिश्रा व दूसरे पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। इस दौरान हुई चाकूबाजी में विनय मिश्रा के पक्ष के डा. घनश्याम मिश्र (50) गम्भीर रूप से घायल हो गए थे। इसमें घनश्याम की इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
मंगलवार को परिजन व ग्रामीणों ने सहतवार-रेवती मार्ग स्थित थाने के सामने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही एएसपी संजय कुमार, एसडीएम दुष्यंत मौर्य, सीओ व कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह सड़क खाली कराया। वहीं, सहतवार थाने के प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि मृतक घनश्याम मिश्र के पक्ष के तरफ से सत्रह-अठ्ठारह नामजद लोगों के विरुद्ध तहरीर मिली है। दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
