बलिया (हि.स.)। जिले की पुलिस ने सटे अमृतपाली में मंगलवार रात लगभग साढ़े पांच घण्टे चले ऑपरेशन में नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से लगभग 50 लाख कीमत की अवैध शराब के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा ने अवैध रूप से मिलावटी शराब बनाने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान छेड़ा हुआ है। बुधवार को एसपी ने बताया कि कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बाल मुकुंद मिश्र ने टीम के साथ अमृतपाली में सरकारी बीयर की दुकान के पीछे हाते में छापेमारी की।
मध्य रात्रि करीब साढ़े बारह बजे तक चली कार्रवाई में 14 ड्रमों में 28 सौ लीटर स्प्रिट बरामद किया। इसके अलावा सहरसपाली स्थित एक मकान से छह ड्रमों में 12 सौ लीटर स्प्रिट, 51 पेटी निर्मित अपमिश्रित शराब, 56 पेटी होम्योपैथिक केमिकल, 120 लीटर लाल केमिकल व अपमिश्रित शराब बनाने का उपकरण, प्लास्टिक की खाली शीशी, शीशी पर लगाने वाला दो बंडल रैपर तथा एक पैकेट ढक्कन बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से मनोज चौरसिया पुत्र इन्द्रदेव निवासी अमृतपाली, दीपक पासी पुत्र बालाजी पासी निवासी जलालपुर कृष्णा टाकिज, आदित्य कुमार गौड़ पुत्र राम अवध निवासी ग्राम मिड्ढा अमवा थाना सुखपुरा तथा सतीश कुमार वर्मा पुत्र रवीन्द्र प्रसाद वर्मा निवासी आर्य समाज रोड थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि डीआईजी आजमगढ़ ने सफलता पाने वाली पुलिस टीम को दस हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
