बलिया (हि.स.)। पांच बच्चों को छोड़कर चली गई महिला को बलिया पुलिस गुजरात से ढूंढ लायी है। अपनी मां को पाकर बच्चों की आंखें खुशी के मारे भीग गईं।
पिछले दिनों पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा अपने कार्यालय में बैठकर फरियाद सुन रहे थे। तभी हल्दी थाने के सुकुल छपरा निवासी रिंकू प्रसाद ने उनसे शिकायत की थी कि उसकी पत्नी पांच बच्चों को छोड़कर कहीं चली गई है। एसपी ने इसे गम्भीरता से लेते हुए दो टीमों का गठन कर महिला को ढूंढ लाने का निर्देश दिया था। पुलिस ने सर्विलांस की मदद ली तो पता चला कि रिंकू प्रसाद की पत्नी अपने किसी जानने वाले के साथ गुजरात चली गई है। पुलिस टीमों ने शुक्रवार को महिला को खोज लिया। उसे उसके पति और ससुर के हवाले कर दिया गया। जब पांचों बच्चों ने अपनी मां को देखा तो उनकी खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। सभी की आंखों से आंसू छलक पड़े।
