बलिया (हि. स.)। इस बार के नगर पालिका चुनाव में जिले की सबसे हॉट सीट बलिया में उम्मीदवारों के साथ-साथ तमाम दिग्गजों की भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। यही वजह है कि सभी अपने-अपने प्रत्याशी के लिए दिन रात एक कर मेहनत कर रहे हैं। बलिया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद को हथियाने के लिए कई दलों के नेता कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे।
सबसे बड़े राजनैतिक दल भाजपा के उम्मीदवार संत कुमार गुप्ता मिठाई लाल के लिए नगर विधायक दयाशंकर सिंह खुद मैदान में डटे हैं। उन्होंने अबकी बार चालीस हजार का लक्ष्य पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों को दिया है। इसके अलावा लगातार बैठकें कर जीत का मंत्र दे रहे हैं। दयाशंकर सिंह ने भाजपा से टिकट मांग रहे 32 दावेदारों में से सबको एक मंच पर लाकर मैदान मारने की रणनीति तैयार की है। उनके अलावा लोकसभा सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर व एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू भी पूरा जोर लगा रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नगर विधानसभा से तीन बार विधायक रहे पूर्व मंत्री नारद राय सपा से बागी होकर चुनाव लड़ रहे संजय उपाध्याय के लिए बिसात बिछा रहे हैं। उन्होंने अपनी टीम संजय उपाध्याय के लिए लगा दी है। उधर, सपा के अधिकृत उम्मीदवार पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्त के लिए पार्टी के कई दिग्गज लगातार मेहनत कर रहे हैं। पूर्व विधायक मंजू सिंह इस चुनाव में लगातार शहर की सड़कों पर प्रचार करती देखी जा रही हैं। पार्टी के जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव समेत अन्य नेता भी इसे अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाये हुए हैं।
बसपा उम्मीदवार निषिद्ध श्रीवास्तव ने भी रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह की छवि के सहारे अपनी नैया पार लगाने की पूरी कोशिश की है। खास बात यह है कि नगर सीट से विधायक रहे नारद राय व मंजू सिंह फिलहाल एक ही दल में होने के बावजूद अलग-अलग उम्मीदवारों के लिए दम खम लगाए हुए हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि नगर की जनता किस दिग्गज नेता की लाॅज बचाती है।
एन पंकज/राजेश तिवारी
