Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशबलिया : जिला पंचायत के पूर्व सदस्य की गोली मारकर हत्या, नव...

बलिया : जिला पंचायत के पूर्व सदस्य की गोली मारकर हत्या, नव निर्वाचित सदस्य के पति घायल

बैरिया (बलिया)। जिले में बेखौफ बदमाशों ने बुधवार की दोपहर दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया। एनएच-31 पर बैरिया थाना क्षेत्र के देवराज ब्रह्म मोड़ व चिरैया मोड़ के बीच बुलेट सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर कार में बैठे जिला पंचायत के पूर्व सदस्य बलवीर सिंह उर्फ जलेसर की हत्या कर दी। उनके साथ आगे की सीट पर बैठे नव निर्वाचित जिपं सदस्य के प्रति अमृतेश सिंह उर्फ सब्बल भी गोली लगने से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है। फिलहाल घटना को पुरानी व चुनावी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर अभी नहीं दी गयी है।
जानकारी के मुताबिक जलेसर सिंह (35) व अमृतेश उर्फ सब्बल (45) कार (क्रेटा) में सवार होकर सोनबरसा की ओर से आ रहे थे। कार जलेसर चला रहे थे। वे अभी बैरिया त्रिमुहानी से आगे एनएच के चिरैया मोड़ व देवराज ब्रह्म मोड़ के पास पहुंचे थे। यहां एक दुकान के सामने उन्होंने किसी कारण से गाड़ी रोकी। तभी पीछे से बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने चालक जलेसर को लक्ष्य कर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कार का शीशा चढ़ा हुआ था। उसे भेदते हुए गोलियां जलेसर को लगीं। हमले में सब्बल भी घायल हो गए। आसपास के लोग दोनों को सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सक ने जलेसर को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार मृतक जलेसर सिंह के खिलाफ बैरिया थाने में हत्या व हत्या के प्रयास के कई मुकदमे दर्ज हैं। जलेसर 2010 से 2015 के कार्यकाल में जिला पंचायत का सदस्य रहा। उस समय जेल में रहकर ही चुनाव में भागीदारी कर जीत हासिल की थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular