बलिया (हि. स.)। भारी बारिश के कारण लबालब हुए जिला कारागार से सभी 939 कैदियों को गैर जनपद की जेलों में स्थानांतरित करने का काम रविवार को पूरा हो गया। कैदियों को जेल से निकाले जाने को लेकर आसपास भारी फोर्स तैनात की गई थी।
तीन दिनों से हो रही बरसात से न सिर्फ समूचा शहर, बल्कि जिला जेल भी पूरी तरह से जलमग्न हो गई। पानी बैरकों में घुस गया। हालात ये बने कि कैदियों को शुक्रवार की रात जागकर बितानी पड़ी। साढ़े तीन सौ कैदियों के क्षमता वाली जिला जेल के अधिकारियों की रिपोर्ट पर शासन ने सभी 939 कैदियों को आजमगढ़ और अम्बेडकर नगर जिला जेल में स्थानांतरित किये जाने का निर्देश हुआ। जिसके बाद शनिवार को जिला जेल खाली किए जाने का सिलसिला शुरू हुआ। शनिवार को जिला जेल के बाहर एसपी राजकरन नय्यर खुद सारी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
कैदियों को 31 बसों से भेजे जाने के दौरान उन्होंने निगरानी रखी। इस दौरान जिले भर के थानों की फोर्स और पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। एसपी राजनकरन नय्यर ने कहा कि पूरी सुरक्षा के साथ सभी कैदियों को स्थानांतरित करने की कार्रवाई पूरी हुई है।
