बलिया (हि. स.)। शिक्षा क्षेत्र मनियर के उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव में बुधवार को अध्यापकों द्वारा छात्रों की बेरहमी से पिटाई करने वाले शिक्षकों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़ित छात्रों का मेडिकल मुआयना भी कराया है।
वायरल हुए वीडियो के सामने आते ही बीएसए मनीष कुमार सिंह ने प्रभारी प्रधानाध्यापक समेत दो शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया था। छानबीन के बाद पुलिस ने भी मुक़दमा दर्ज कर अब कार्रवाई को आगे बढ़ा दिया है।
जानकारी के मुताबिक उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव में पढ़ने वाले कक्षा सात के छात्र अर्जुन राजभर व अमरजीत राजभर की प्रभारी प्रधानाध्यापक भगवान राम, सहायक अध्यापक वीरेन्द्र कुमार द्वारा बेरहमी से पिटाई की गई थी। पिटाई के दौरान बच्चे गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन शिक्षकों ने पिटाई जारी रखी थी। शिक्षकों की पिटाई से चीखते-चिल्लाते बच्चों की आवाज सुन आसपास के लोग जुट गये थे। ग्रामीणों का तेवर देख शिक्षक एक कमरे में कैद हो गये और पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से शिक्षकों का बचाव किया था।
घटना की जानकारी होने के बाद खण्ड शिक्षा अधिकारी मनियर ने कदम उठाया और शिक्षकों को सस्पेंड करने की संस्तुति करते हुए बीएसए मनीष कुमार सिंह को भेज दिया। फिर, इन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया था। अब दोनों शिक्षकों पर छात्र अर्जुन राजभर के पिता शिवजी राजभर की तहरीर पर मनियर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। क्षेत्राधिकारी एसएन वैश्य ने बताया कि आरोपित शिक्षकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
एन पंकज/डॉ. आमोदकांत
