बलिया (हि. स.)। नए पुलिस अधीक्षक के आने के बाद से ही जिले की पुलिस के तेवर बदले नजर आ रहे हैं। पुलिस के बदले तौर-तरीकों का नमूना मंगलवार को दिखा। दुबहड़ थाना क्षेत्र के नगवा से गायब तीन नाबालिग बच्चों को पुलिस ने जानकारी मिलने के महज चार घंटे में ढूंढ निकाला। बच्चों को पाकर उनके माता-पिता के चेहरों की मुस्कान लौट गई।
नगवा निवासी मनोज कुमार शाह पुत्र राज कुमार शाह ने सोमवार को दुबहड़ थाने में लिखित सूचना दिया था कि 29 अगस्त को उनके पुत्र राज कुमार शाह (13) और पड़ोस के दो बच्चों जवाहर पुत्र सागर (11) तथा पफारूख पुत्र सिराजुद्दीन बिना बताए घर से कहीं चले गये हैं। मोबाइल भी बन्द है। काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिल रहे हैं।
इस सूचना पर दुबहड़ पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना की गम्भीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर प्रभारी निरीक्षक दुबहड़ अनिल चन्द्र तिवारी को टीमें गठित कर गुमशुदा बच्चों की शीघ्र व सकुशल बरामदगी के लिए निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर क्षेत्राधिकारी नगर भूषण वर्मा के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक दुबहड़ अनिल चन्द्र तिवारी ने फौरन सघन तलाश व चेकिंग शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने सर्विलांस टीम की मदद से सिर्फ चार घंटे के भीतर तीनों गुमशुदा बच्चों राज कुमार, जवाहर और फारूख को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर एक से सकुशल बरामद कर लिया। सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि तीनों बालक स्वस्थ हैं।
