बलिया(हि.स.)। शहर कोतवाली के स्टेशन-मालगोदाम रोड स्थित एक बिल्डिंग में सोमवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। अफरा तफरी का कारण यह था कि जिस बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल में आग लगी थी, उसी के नीचे असलहे की दुकान है। हालांकि, मकान में फंसे लोगों को फायर ब्रिगेड ने बगल के घर में उतारकर सुरक्षित कर लिया। आसपास के लोगों की मदद से फायर ब्रिगेड के जवानों ने आग पर काबू पाया।
माल गोदाम रोड पर एक बिल्डिंग में लाइसेंसी असलहों की दुकान बलिया आर्म्स कारपोरेशन है। सोमवार सुबह असलहे की दुकान के ऊपर वाली मंजिल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी। इसी बिल्डिंग में कई लोगों का मकान भी है। इसमें मौजूद लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए तो फायर सर्विस को सूचित किया।
जानकारी मिलते ही पुलिस के अलावा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी पहुंच गईं। किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया। मकान में फंसे लोगों को आग से बचाने के लिए किसी तरह लोहे की सीढ़ी की मदद से पड़ोस के घर की छत पर सुरक्षित उतार लिया गया। आग से नुकसान का आकलन नहीं किया जा सका है। लोगों का कहना था कि है आग शार्ट सर्किट के कारण लगी।
पंकज
