बलिया (हि.स.)। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के परिखरा में टॉउन पॉलिटेक्निक कैंपस स्थित छात्रवास के समीप रविवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी होने पर एसपी विपिन ताडा भी पहुंचे। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में सुबह करीब 05 बजे गार्ड ने छात्रावास के पीछे एक महिला का शव देखा। इसकी सूचना उसने निदेशक को दी। कॉलेज के निदेशक ने पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। वहीं, मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक विपिन ताडा व अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार भी शहर कोतवाल, बांसडीहरोड एसओ सुनील लाम्बा के पहुंच गए।
पुलिस अधिकारियों ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की तह में जाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस शव की शिनाख्त नहीं कर सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या का मामला है।
