बलरामपुर(हि.स.)। सेक्सटार्सन करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। 20-20 हजार के दो इनामी बदमाश को राजस्थान के भरतपुर से बलरामपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों की न्यूड वीडियो बना वायरल करने की धमकी देकर रुपए वसूलते थे।
रविवार को मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना ने बताया कि इस्तखाम पुत्र सय्यद हुसैन निवासी शेखडीह सुखरामपुर थाना तुलसीपुर बलरामपुर जो सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत था, जिसका शव थाना महराजगंज तराई क्षेत्र के एनएच-730 पर 06सितंबर2022 को बरामद हुआ था। मामले पर मृतक के परिजनों की तहरीर पर महराजगंज तराई थाने में मुकदमा पंजीकृत हुआ था।
घटना को लेकर परिजनों द्वारा बताया गया था कि मृतक कई दिनों से काफी परेशान था। कई बार किसी के खाते में पैसा भी भेजे हैं तथा उनके मोबाइल में एक वाह्ट्सअप नम्बर पर कुछ न्यूड तस्वीरे हैं तथा चैटिंग में उक्त फोटो व वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की गयी है। परिजनों द्वारा यह भी बताया गया कि मृतक इस्तखाम द्वारा कुछ पैसा भेज देने के बावजूद भी उस ह्वाट्सअप नम्बर के जरिये लगातार पैसों की मांग की जाती रही तथा धमकी भी दी जाती रही जिससे इस्तखाम इतना परेशान हो गया कि घबराहट में उसकी मृत्यु हो गयी। एसपी ने बताया कि घटना के अनावरण व अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिये गये। गिरफ्तारी को लेकर बीस-बीस हजार का इनाम भी रखा गया था। विवेचना के क्रम में साइबर व सर्विलान्स टीम द्वारा उपलब्ध कराये गये डाटा के आधार पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि उक्त गिरोह द्वारा फर्जी डीपी बनाकर लड़की बनकर वाह्ट्सअप पर मैसेज भेजना तथा फ्रैंड बनने का आग्रह किया जाता था और बाद में आपत्तिजनक वीडियो क्लिप बनाकर उस व्यक्ति का भयादोहन किया जाता था। उसे ब्लैकमेल किया जाता था।
गठित टीम द्वारा राजस्थान के जनपद भरतपुर से मुस्ताक खाँ पुत्र शरीफ मुहम्मद निवासी मोहल्ला नगर सिकरी रोड थाना नगर जिला भरतपुर राजस्थान, सारुख खाँ पुत्र हमीद खाँ निवासी धनमतपुरा थाना नगर जिला भरतपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगणों ने पूछताछ पर न्यूड तस्वीरें बनाकर धमकी देने का आरोप स्वीकार किया। इनके अलावा इनके कई अन्य साथी भी हैं। अभियुक्तगणों द्वारा यह भी बताया गया कि इनके गिरोह द्वारा अभी तक कई राज्यों से बहुत सारे लोगों के साथ इस तरह का अपराध किया जा चुका है तथा धमकी के माध्यम से काफी लोगों से करोड़ों रुपया लिया जा चुका है।
प्रभाकर कसौधन
