बलरामपुर (हि.स.)। महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र के ललिया-महराजगंज मार्ग पर शनिवार को डीसीएम और मोटर साइकिल की भिड़न्त हो गई। इस हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई है, जबकि मां-बेटे घायल हैं। सभी घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना क्षेत्र के ग्राम हरिहरनगर से सब्जी लेकर जा रही डीसीएम व बाइक की आमने-सामने साहेब नगर गांव के पास तेज टक्कर हो गई। इसमें बाइक चला रहे रामनगरा निवासी रामतेज (42) और उनकी तीन साल की बेटी कल्पना की मौत हो गई है। जबकि उसकी पत्नी संगीता (40) व एक वर्ष का मासूम अमर गम्भीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को एम्बुलेंस से बलरामपुर जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों की हालत गम्भीर बताई जा रही है। डीसीएम पर सवार तीन लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें नजदीकी प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया गया।
प्रभारी थाना निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डीसीएम को कब्जे में लेकर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रभाकर
