बलरामपुर(हि.स.) । पूरे देश में आज बुधवार को बड़े धूमधाम से श्रीराम विवाह उत्सव मनाया जा रहा है। जनपद स्थित विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मंदिर देवीपाटन में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा है। भीड़ के चलते शक्तिपीठ मंदिर से जुड़ी मुख्य सड़क हरैया-तुलसीपुर मार्ग पर सुबह से ही जाम लगी हुई है। जिस से हटाने के लिए प्रशासन कड़ी मशक्कत कर रहा है। भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है।
श्रीराम विवाह के मौके पर देवीपाटन में मां पाटेश्वरी जी के दर्शन पूजन करने व परिवार के मनौतियों के मुताबिक मुंडन व अन्य मांगलिक संस्कार के लिए भारी भीड़ जुटी है। सुबह से ही श्रद्धालु यहां पहुंच पवित्र सरोवर सूर्य कुंड में स्नान कर मां पाटेश्वरी का दर्शन पूजन करते हुए मुंडन, जनेऊ व अन्य मांगलिक संस्कार करा रहे हैं । शक्तिपीठ से जुड़ी हरैया-तुलसीपुर मार्ग पर श्रद्धालुओं के वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई है । मंदिर परिसर सही नगर के बलरामपुर चौराहे से देवीपाटन मंदिर व हरैया सड़क मार्ग पर जगह जगह पुलिस लगाई गई है। शक्तिपीठ के पीठाधीश्वर मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि श्रद्धालुओं के आवागमन को लेकर साफ-सफाई इंतजाम किए गए हैं । श्रद्धालुओं के भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय प्रशासन द्वारा जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से पूरे मंदिर परिसर में नजर रखी जा रही है।
प्रभाकर
