बलरामपुर (हि.स.)। तुलसीपुर थाना के नई बाजार में गुरुवार को 24 वर्षीय विवाहिता की लाश घर में ही फांसी के फंदे से लटकती मिली। मृतका के पिता ने दामाद और उसकी मां पर बेटी को मारपीट कर हत्या करने की आशंका जताई है। विवाहिता गर्भवती थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि नई बाजार चौक में अमित यादव अपने परिवार के साथ दूसरे मंजिल पर रह रहा था। गुरुवार दोपहर को अमित की पत्नी वंदना की लाश फांसी पर लटकी होने की सूचना घरवालों से मिली। मौके पर पहुंची पुलिस शव को उतारकर कार्रवाई कर रही थी।
इसी बीच मायके पक्ष से मृतका वंदना के पिता राधेश्याम निवासी संझवल ने बताया कि तीन साल पहले बेटी की शादी अमित से की थी। वह गर्भवती थी। आरोप है कि अक्सर अमित और उसका परिवार बेटी को प्रताड़ित करता था। घर के जेवर भी बेच दिए थे। आज सुबह भी उनकी बेटी को मारापीटा, जिसकी जानकारी वंदना ने फोन पर परिवार को दी थी। जब घरवालें पहुंचे तो बेटी की लाश पड़ी हुई थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर तुलसीपुर थाने की पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है। मायके पक्ष की ओर से जो आरोप लगाये गए है उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रभाकर
