बलरामपुर(हि.स.)। परिवहन विभाग में परिचालक के पद के लिए नियुक्ति दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र देने वाले दो शातिर जालसाजों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये अभियुक्तों के पास पुलिस को भारी मात्रा में छपा नियुक्ति फार्म, अभ्यर्थियों के फोटो लगे फार्म, संविदा पर नियुक्ति पत्र व एक लाख पन्द्रह हजार रुपये कैश मिला है।
परिवहन विभाग मे परिचालक के पद पर संविदा पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह को लेकर पुलिस बीते कई दिनों से खोजबीन में लगी थी। गुरुवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दूबे की अगुवाई में पुलिस टीम ने संतोषी माता तिराहा के पास से एक सफारी गाड़ी में सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त बस्ती जनपद के कल्याणपुर निवासी चन्द्र प्रकाश, और बलरामपुर जिले के भगवतीगंज सुहावपुर निवासी आशीष शुक्ला है। दोनों शातिर अपराधी है और ये लोग बेरोजगारों को नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजी करते है। इनके खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है।
प्रभाकर/दीपक
