बलरामपुर (हि.स.)। लग्जरी गाड़ियों पर सवार होकर लूट की घटना को अंजाम देने वाला अन्तर्राज्यीय गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
एसपी हेमंत कुटियाल ने शनिवार को पकड़े गए बदमाशों को मीडिया के सामने पेश किया। उन्होंने बताया कि 26 नवम्वर को सादुल्लाहनगर में चप्पल व्यवसायी से लूट की घटना की छानबीन में पुलिस जुटी थी। आज सुबह चार बजे अमघटी पुल के पहले मनकापुर मार्ग सादुल्लानगर में क्षेत्राधिकारी उतरौला, प्रभारी निरीक्षक सादुल्लानगर व प्रभारी सर्विलान्स टीम ने तीन लक्जरी गाड़ियों सहित तीन अंतरराज्यीय बदमाशों को पकड़ा। इनमें गिरोह का सरगना अयोध्या जिले के खंडासा थाना स्थित कोटिया खास गांव निवासी मनोज कुमार मौर्य के साथ गुजरात के बलसाड़ निवासी विकास पटवा व भगवान दास शामिल हैं।
बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल कर गोण्डा, बलरामपुर, सादुल्लाहनगर में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। इसके पूर्व गुजरात राज्य के जनपद बलसाड़ में लगभग पांच वर्षों से एक साथ रहकर घटना को अंजाम देते थे। लाॅकडाउन के कारण उत्तर प्रदेश में आकर अपराध करते थे।
गिरफ्तार मनोज कुमार मौर्या के पास से घटना में प्रयुक्त वाहन सिलेरियो यूपी 32 एफएल 2455, सादुल्लानगर व तुलसीपुर से संबंधित लूटे गए 31 हजार रुपये, एक कट्टा 12 बोर, 02 अदद जिन्दा कारतूस 12 बोर, एक मोबाइल फोन। भगवान दास के पास से लूट के 22 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त इनोवा गाड़ी, एक कट्टा 12 बोर, 02 अदद जिन्दा कारतूस 12 बोर व दो मोबाइल फोन। विकास पटवा के पास से लूट के 19 हजार रुपये, एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
एसपी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त गोंडा, महोबा, बलरामपुर जनपद के अलावा गुजरात में 16 स्थानों पर लग्जरी वाहनों का प्रयोग कर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। इन तीनों को जेल भेजा जा रहा है।
बलरामपुर में लग्जरी गाड़ियों से लूट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
