बलरामपुर (हि.स.)। ललिया थाना क्षेत्र के ग्राम उपटहवा में जमीन के विवाद को लेकर उपजे विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर एक पक्ष के लोगों ने हमला बोल दिया। इसमें एक उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिसकर्मियों से मारपीट के घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना पर पुलिस ने एक ही परिवार के नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि ललिया थाना के उपटहवा ग्राम निवासी दुर्गा प्रसार की पत्नी कोयला देवी ने गुरुवार को ललिया थाना में तहरीर दी थी कि उनके जमीन पर प्रतिवादी जबरन नल लगवा रहे हैं। जिस पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही थी कि गुरुवार की देर शाम दोबारा कोयला देवी ने प्रार्थना पत्र दिया कि थाने में तहरीर दिये जाने की सूचना मिलते ही प्रतिवादियों ने मारा पीटा और उसके कपड़े फाड़े गए हैं। जमीन को लेकर दोनों पक्षों में पूर्व से ही विवाद चल रहा था।
शुक्रवार को घटना की जांच करने पहुंचे पुलिस टीम पर दूसरे पक्ष के मोनू मिश्रा के पूरे परिवार ने मिलकर पुलिस टीम पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया। इस पर मोनू मिश्रा समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसमें चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
