बलरामपुर / रायपुर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिला के रामचंद्रपुर विकासखंड के तहत सनावल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार की शाम को एक महिला ने पेट से जुड़ी दो जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया है।
जानकारी के मुताबिकक ग्राम झारा की रहने वाली प्रियंका सिंह को प्रसव पीड़ा हुई थी, जिसके बाद उन्हें सनावल के शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार की शाम करीब पांच बजे प्रियंका सिंह ने पेट से जुड़ी हुई दो जुड़वा बच्चियों को नार्मल डिलीवरी से जन्म दिया। दोनों जुड़वा बच्चियों का वजन तीन किलो 300 ग्राम है। चिकित्सकों ने बताया कि जच्चा और बच्चा अब दोनों सुरक्षित हैं।
प्रसव के बाद चिकित्सकों के द्वारा पेट से जुड़ी नवजात जुड़वा बच्चियों को बेहतर जांच और उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा था, लेकिन महिला का पति अपनी पत्नी एवं नवजात जुड़वा बच्चियों को घर ले गया। हालांकि विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कैलाश सिंह के द्वारा नवजात जुड़वा बच्चियों के पिता को समझाते हुए पेट से जुड़ी इन दोनों जुड़वा बच्चियों के बेहतर जांच और उपचार के लिए जल्द से जल्द अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज ले जाने की अपील की है।
गेवेन्द्र
