Tuesday, February 10, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलबलरामपुरबलरामपुर :बड़े-बड़े वादे कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी

बलरामपुर :बड़े-बड़े वादे कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी

रोहित गुप्ता
उतरौला/बलरामपुर
नगर पालिका के इस चुनाव में चेयरमैन पद के प्रत्याशी नगर के लोगों से बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं। नगर के विकास को लेकर उनके अलग-अलग विजन हैं। हालांकि चुनाव में जीत हासिल करने के बाद सभी अपनी प्राथमिकता नगर के नागरिकों के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना बता रहे हैं।

सत्तारूढ़ पार्टी के प्रत्याशी का दावा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी

भाजपा प्रत्याशी सविता गुप्ता का कहना है कि हमारी पार्टी सबका साथ सबका विकास के संकल्प के साथ काम करती है। जीत के बाद सभी वर्गों को ध्यान रखते हुए विकास कार्य कराएंगे। विकास कार्यों को गति प्रदान की जाएगी। नगर पालिका की ओर से लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। तत्काल प्रभाव से लोगों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा।
नगर के विकास को अपना खास विजन रखते हैं। सडकों, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी को उच्चस्तरीय बनाया जाएगा। रेहड़ी, ठेला, खोमचे, पटरी पर ठेला लगाकर सब्जी सहित अन्य वस्तुओं को बेचने वालों के लिए स्थान आवंटित किया जाएगा।

नगर के बदहाल हालात सुधारेंगे
सपा समर्थित प्रत्याशी एजाज मलिक का कहना है कि वे नगर की बदहाल हालत को सुधारना चाहते हैं। उनका कहना है कि नगर के सभी वार्डों में सड़क, पानी, प्रकाश, जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाएगी। नगर के साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बरसात से पूर्व शहर पनाह लालू के साफ-सफाई करा दी जाएगी। नगर के कई वार्डों में बरसात में महीनों जलजमाव की स्थिति बनी रहती है उससे निपटने के लिए इन मोहल्ला में सीवर लाइन बिछाकर प्रमुख नालों से जोड़ने का काम करेंगे। नगर पालिका से संबंधित किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराना प्राथमिकता होगी। नगर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। नगर पालिका को भ्रष्टाचार मुक्त करने के साथ ही कर प्रणाली को कर मुक्त किया जाएगा

बसपा प्रत्याशी राजा का कहना है कि नगर का विकास उनकी प्राथमिकता रहेगा। नई बस्तियों व कालोनी का विकास नहीं हो पा रहा है। जीत हासिल होने पर एक इंफ्रास्ट्रक्चर बना कर पूरे नगर का विकास कराया जाएगा। दलितों, पिछड़ों, महिलाओं की समस्या का समाधान भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है।

बंद स्लॉटरहाउस को पुनः संचालित कराने का वादा

निर्दलीय प्रत्याशी मोहम्मद अबरार ने उतरौला में बंद स्लॉटरहाउस को पुनः संचालित कराने का वादा कर डाला है। गृह, पानी, मानचित्र स्वीकृति को मुफ्त करने का वादा किया। उनका कहना है कि एलईडी लाइट लगाने से नगर स्मार्ट नहीं बन जाता है। नगर वासियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा। चुनाव जीतने के बाद सभी की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। इसके साथ ही लोगों के घरों तक शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराएंगे।
उतरौला नगर पालिका में सभी पार्टियों व निर्दलीय प्रत्याशी विकास समेत अनेक मुद्दा लेकर चुनाव मैदान में है।

RELATED ARTICLES

Most Popular