– उप्र के टॉप टेन अपराधी है पूर्व सांसद रिजवान जहीर
बलरामपुर (हि.स.)। हत्या के मामले में बेटी व दामाद के साथ जेल में बंद पूर्व सांसद व सपा नेता रिजवान जहीर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार को जनपद के नगर तुलसीपुर से सटे ग्राम शीतलापुर में पूर्व सांसद के बंगला व बगल में पड़े खाली जमीन को स्थानीय प्रशासन ने ढोल नगाड़े के साथ मुनादी कराते हुए सीज कर दिया है। सीज की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत तकरीबन ढाई करोड़ रुपये है।
उप जिलाधिकारी के अगुआई में राजस्व व पुलिस टीम ने आवास व भूमि की नपाई कराई। पूर्व सांसद के परिजनों के साथ पूरे परिसर की वीडियो ग्राफी कराते हुए कमरे व मुख्य गेट को सीज कर दिया है। इससे पूर्व क्षेत्र में ढोल नगाड़े के मुनादी कराई गई। इस दौरान गैसड़ी, तुलसीपुर,जरवा,महराजगंज तराई, हरैया थाने की पुलिस व पीएसी को लगी रही।
उप जिलाधिकारी मंगलेश दुबे बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14-(1) के तहत पूर्व सांसद रिजवान जहीर की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई है। पूर्व सांसद का नाम प्रदेश के गैंगस्टर की टाप टेन की सूची में है। बताया कि यहीं के महमूद ने पूर्व सांसद पर जमीन कब्जे की शिकायत भी की है। पहले चरण में आज उनकी पत्नी सैयदा हुमा फातिमा के नाम से अवैध रूप से अर्जित संपत्ति कुर्क की गई है। जब्त की गई सम्पत्ति की कीमत ढाई करोड़ रुपये है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व सांसद रिजवान जहीर की बेटी जेबा रिजवान वर्तमान में समाजवादी पार्टी में शामिल हैं। बेटी जेबा रिजवान को विधानसभा में पार्टी ने उम्मीदवार नहीं बनाया तो तुलसीपुर विधानसभा से निर्दल चुनाव मैदान में उतार दिया और चुनाव हार गई। तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की हत्या के आरोप में वह करीब चार माह से जेल में हैं। पूर्व सांसद के साथ बेटी जेबा रिजवान व दामाद रमीज नेमत जेल में बंद हैं। रिजवान जहीर के बंगले पर कार्रवाई के समय परिसर व आसपास भारी संख्या में पुलिस बल लगाए गए।
प्रभाकर
