बलरामपुर(हि.स.)। कोतवाली नगर क्षेत्र में शनिवार को कपड़ा व्यवसायी के साथ हुई लूटकांड में फरार बदमाशों की रविवार को पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और मौके से पांच लोग गिरफ्तार कर लिए गए। घायल बदमाशों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को कोतवाली नगर क्षेत्र के जुआथान मार्ग पर गोंडा के एक व्यवसायी अर्जुन गुप्ता के साथ लूट की घटना हुई थी। घटना को लेकर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी थी।
सूचना पर रविवार सुबह दबिश देने पहुंची पुलिस की राजापुर भरिया जंगल में बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई। आत्मरक्षा के लिए जवाबी कार्यवाही में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। इस दौरान घायल बदमाश समेत पांच लोग गिरफ्तार कर लिये गए। घायलों को संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पकड़े गये अभियुक्त गोंडा निवासी अनिल, अरुण कुमार उर्फ सूरज, विशाल, अजीत दुबे, शिवम यादव है। पुलिस की गोली से अजीत और शिवम घायल है। इनके पास से व्यवसायी से लूटे गए डेढ़ लाख रुपये के जेवर और 52,230 रुपये नकद बरामद किया है। एएसपी ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
प्रभाकर/दीपक
